जबलपुर के शक्ति नगर में महिला ने खुद को बताया बच्चा चोर, मचा हड़कंप

जबलपुर के शक्ति नगर में महिला ने खुद को बताया बच्चा चोर, मचा हड़कंप

लोकहित 24 जबलपुर. शादियों के सीजन में शामिल होकर उत्पात मचाने की घटनाएं बढ़ती जा रहीं हैं। रांझी के बाद अब शक्ति नगर में एक वाकया हुआ है, जिसमें एक संदिग्ध महिला ने पकड़े जाने पर खुद को बच्चा ले जाने वाली महिला बताया। लोग उसे पकड़ कर बैठे रहे। सूचना देने के बाद पुलिस घंटों बाद आई, लेकिन जब आई तो ये कह कर लौटने लगी कि मामला महिला से जुड़ा है, इस कारण इसे महिला पुलिस ही देखेगी। काफी मान-मनौअल के बाद महिला पुलिस आई, और उसे थाने ले गई।
आधी रात हुआ हंगामा
मामला गढ़ा थानाक्षेत्र के शक्ति नगर इलाके का है, जिसमें आधी रात उक्त महिला की वजह से हंगामा हुआ। महिला एक विवाह समारोह में शामिल हुई। देर रात तक जब वह नहीं गई तो लोगों को उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ। उसकी संदिग्ध हरकतें देखकर वाशिंदों ने उसे वहां से जाने के लिए कहा। इस बात पर महिला भड़क गई और वह बच्चा उठाकर भागने की धमकी देने लगी। जब लोगों ने उसे जाने कहा तो वो चीखने-चिल्लाने लगी। उसकी वजह से पूरे परिवार में दहशत फैल गई। मोहल्ले के कुछ लोगों ने महिला को पकड़कर पुलिस को सूचना दी।
बच्चे छिपाने लगे लोग
महिला द्वारा बच्चा चुराने की धमकी देने पर सभी ने अपने-अपने बच्चों को घर के अंदर कर पुलिस को कॉल किया। थोड़ी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन ये कह कर जाने लगी कि मामला महिला का है, हम हाथ नहीं लगा सकेंगे। लोगों द्वारा विरोध करने पर पहुंचे पुलिस वालों ने महिला पुलिस को बुलाई जो काफी देर बाद आई। इसके बाद महिला को थाने ले जाया गया। इस पूरे घटनाक्रम में करीब दो घंटे लग गए, तब तक विवाह वाले परिवार की स्थिति अजीबो गरीब रही। पुलिस ने पूरे मामले में अपेक्षित भूमिका नहीं निभाई। पुलिस ये बताने में आनाकानी करती रही, कि ले जाई गई महिला का क्या हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published.