तांत्रिक ने दिखाया तंत्र का कमाल और लगा दिया साढ़े 11 लाख का चूना

जबलपुर। रांझी विक्टोरिया अस्पताल के बाहर मिले अनजान व्यक्ति पर भरोसा करना एक महिला और उसके परिजनों को महंगा पड़ गया। उस व्यक्ति ने खुद को तांत्रिक बताते हुए महिला और उसके परिजनों को झांसे में लिया और फिर लाखों रुपए का चूना लगा दिया। परिवार जब तक तांत्रिक की हकीकत समझ पाया तब तक बहुत देर हो चुकी थी और वे अपनी जीवन भर की पूंजी गवां चुके थे। हालाकि इसके बाद धोखाधड़ी का शिकार हुई महिला ने थाने पहुंचकर तांत्रिक और उसकी पत्नी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि अधारताल कंचनपुर सनसिटी में रहने वाली 32 वर्षीय प्रीति कार्यमोरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जुलाई 2021 को विक्टोरिया अस्पताल के बाहर उसकी मुलाकात वीएफजे मार्ग मढ़ई में रहने वाले कृष्ण कुमार नामदेव से हुई, जिसने उसके ऊपर जादू-टोना कर दिया और फिर एक दिन घर आकर तंत्र विद्या से रुपयों की बारिश करके भी दिखाई। प्रीति के परिवार को प्रभावित करने के बाद कृष्ण कुमार ने रुपए डबल करने का झांसा देकर उनसे 2 लाख 50 हजार रुपए ले लिए। कुछ दिनों बाद कृष्ण कुमार फिर से रुपयों की डिमांड करने लगा और जब प्रीति ने मना किया तो उसने जादू टोने से पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। जिससे प्रीति सहित घर के सभी लोग डर गए, जिसका फायदा उठाकर कृष्ण कुमार और उसकी पत्नी सुमन ने अलग-अलग दिनांक में उनसे 3 लाख 50 हजार ,2 लाख फिर 2 लाख, 1 लाख 5 हजार और 50 हजार ऐंठ लिए। जो कि डबल तो छोड़ों क ई बार मांगने पर जितने दिए थे, उतने भी नहीं मिले। प्रीति के मुताबिक वह कृष्णकुमार की तंत्र-मंत्र , हाथ के सफाई और जान से मारने की धमकी से इतनी डरी हुई थी कि चाह कर भी थाने नहीं पहुंच पा रही थी। उसे शंका थी कि कृष्ण कुमार और सुमन हर वक्त उसके ऊपर नजर भी रखे हुए थे।
रुपए डबल करने वाली गैंग जबलपुर में सक्रिय
पुलिस को शंका है कि रुपए डबल करने वाली गैंग पूरे शहर में सक्रिया है,क्योंकि कल ही ऐसा मामला संजीवनी नगर मे भी सामने आया है। जहां मनोहर सिंह ठाकुर को कृष्ण कुमार तिवारी नाम के बाबा ने 10 लाख के 80 लाख बनाने का झांसा देते हुए रुपए ऐंठ लिए। कुछ समय पूर्व ऐसा ही एक मामला तिलवारा में भी सामने आया था।